24 सितंबर को महाविद्यालय में होगा आयोजन ............ जिले के युवाओं को एआई कौशल और रोजगारोन्मुखी अवसरों से परिचित कराने पर जोर बड़वानी 23 सितम्बर 2026/ श्रीमती जयति सिंह, कलेक्टर, जिला बड़वानी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़वानी में 24 सितंबर, 2026 को प्रातः 11.30 बजे से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में विकसित हो रही तकनीकों और आवश्यक कौशल से परिचित कराना तथा उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करना है। वर्तमान समय में तकनीकी कौशल और रोजगार के बदलते अवसरों को देखते हुए कार्यशाला को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज तेजी से विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग की जाने वाली तकनीक के रूप में सामने आ रही है। ऐसे समय में युवाओं को नई तकनीकों की जानकारी और उनसे संबंधित कौशल प्रदान करना आवश्यक है। कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को एआई से संबंधित कौशल से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी अवसरों का महत्वपूर्ण आधार है। विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण एडीएम श्री रविराज वर्मा ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में डॉ. उपेंद्र सिंह प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। डॉ. उपेंद्र सिंह पीएच.डी. इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग हैं तथा एसजीएसआईटीएस, इंदौर में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
उनके विशेषज्ञ अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग से संबंधित विषयों की जानकारी दी जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक कार्यशाला के सफल आयोजन को लेकर अग्रणी महाविद्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यशाला की रूपरेखा, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा आयोजन से संबंधित तैयारियों पर चर्चा की गई।
प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने कार्यशाला के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों से परिचित होना वर्तमान समय में विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बैठक में डॉ. सपना सोनी, डॉ. पुष्पा चौहान एवं डॉ. जयराम बघेल ने कार्यशाला के आयोजन को लेकर अपने सुझाव दिए।
डॉ. मधुसूदन चौबे एवं डॉ. श्याम नाईक ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की और आयोजन से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी दी। कार्यशाला के माध्यम से जिले के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों से परिचित कराने, आवश्यक कौशल की समझ विकसित करने तथा बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन एवं महाविद्यालय द्वारा युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला की आयोजन व्यवस्था स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा की जाएगी।
