भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला बैतूल द्वारा शासकीय जेएच कॉलेज बैतूल में संगोष्ठी एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन संघर्ष, साहस, योगदान एवं जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक प्रयासों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम में मप्र जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर एवं श्री दीपक उइके विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उपाध्यक्ष श्री नागर ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलीहातू गांव में हुआ था। उन्होंने बहुत कम आयु में जनजातीय समाज को संगठित कर अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के प्रति जागरूक किया तथा सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास और शोषण से मुक्त होकर संगठित एवं जागरूक समाज बनाने का संदेश दिया। उनके नेतृत्व में 1899-1900 में ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन हुआ, जिसने अंग्रेजी शासन को चुनौती दी। उन्हें धरती आबा के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, साहस, स्वाभिमान और समाज के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उनके विचार आज भी समाज को जागरूक, संगठित और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं।

श्री दीपक उइके ने अपने उद्बोधन में जनजातीय समाज के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का शिक्षित, जागरूक और संस्कारवान होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, सामाजिक विकास, संस्कृति के संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। इस अवसर पर उपस्थितजनों से नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लेने का भी आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में माय युवा भारत से श्री धनंजय ठाकुर, श्रीमती शीला वराठे समाजसेविका मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के समस्त परामर्शदाता श्री आशीष कोकने, श्री सुनील पवार, श्रीमती मीनाक्षी मालवीय, श्री प्रमोद जागरे एवं श्री राजू आठनेरे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की प्रस्तावना जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत द्वारा प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री सुनील पवार द्वारा किया गया तथा अंत में श्री आशीष कोकने जी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।