भोपाल के शासकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय को जल्द नया भवन मिलेगा। 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर बुधवार को इसके नवीन भवन का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया गया। आयुष विभाग ने भवन निर्माण और नवीनीकरण कार्यों के लिए 4 करोड़ 95 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

भूमि-पूजन में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन का मार्ग है।

मरीजों को क्या फायदा

मंत्री ने कहा कि नए भवन से नागरिकों को बेहतर, सुगम और गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश में आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ चिकित्सालयों में जरूरी अधोसंरचना और सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

श्री परमार ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को सहज रूप से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले और आयुर्वेद सहित सभी आयुष पद्धतियों का लाभ व्यापक स्तर पर पहुंचे। कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और नागरिक मौजूद रहे।