जिला प्रशासन धार एवं जिला रोजगार कार्यालय धार के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत 13 नवंबर 2026 को डही में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी साथ ही पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डही एवं शासकीय सी.एम. राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डही में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग भी आयोजित की जाएगी। रोजगार मेले में औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होकर साक्षात्कार के माध्यम से योग्य युवाओं का चयन करेंगी। मेले के माध्यम से लगभग 200 पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें नवशक्ति बायोकेयर इंदौर एवं धार, एलआईसी कुक्षी, आई मार्ट कुक्षी, सूर्यवंशी टूल्स प्रा. लि. पीथमपुर, युवा शक्ति फाउंडेशन पीथमपुर, सागर सीमेंट जीराबाद, आयशर कंपनी पीथमपुर, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड इंदौर तथा जील कंपनी छायन बदनावर सहित अन्य कंपनियां भाग लेंगी। रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु के ऐसे युवा, जिन्होंने 5वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण किया है, वे भाग ले सकते हैं। इच्छुक आवेदक अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं बायोडाटा (रिज्यूमे) के साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत डही, जिला धार में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपस्थित होकर अपनी योग्यता अनुसार रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
डही में 13 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम का जिला स्तरीय शिविर
जनता जंक्शन डेस्क · 12 नवंबर 2026 · 2 मिनट