जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के सांदीपनि विद्यालय, बदनावर में विद्यार्थियों के लिए शिक्षण को सरल, प्रभावी एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने चार्ट एवं आकर्षक कार्ड्स के माध्यम से हिंदी व्याकरण और सामान्य ज्ञान से संबंधित विषयों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने हिंदी व्याकरण के महत्वपूर्ण विषयों जैसे संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण एवं क्रिया आदि पर आधारित चार्ट तैयार किए और कक्षा में उनका प्रस्तुतिकरण किया। वहीं, सामान्य ज्ञान से जुड़े रोचक एवं ज्ञानवर्धक तथ्यों को आकर्षक कार्ड्स पर लिखकर विद्यार्थियों ने अपने सहपाठियों के साथ साझा किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों को केवल पढ़ने के बजाय उन्हें स्वयं तैयार करने, समझने और प्रस्तुत करने का अवसर मिला। रंगीन चार्ट एवं शिक्षण सामग्री के उपयोग से व्याकरण की कठिन अवधारणाओं को सरलता से समझने और लंबे समय तक याद रखने में मदद मिली। इस नवाचारी पहल से विद्यार्थियों की विषयगत समझ के साथ रचनात्मकता, तार्किक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता एवं आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो रही है। विद्यालय में अपनाई जा रही यह गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति विद्यार्थियों को आनंदपूर्ण वातावरण में सीखने के अवसर प्रदान कर उनके सर्वांगीण विकास में सहायक बन रही है।