मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने जबलपुर जिले के पाटन स्थित 132 केवी एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान विद्युत आवश्यकताओं, भविष्य में संभावित लोड वृद्धि तथा रबी सीजन में बढ़ने वाली विद्युत मांग का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पाटन सबस्टेशन के विस्तार एवं उन्नयन (अपग्रेडेशन) की विस्तृत योजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में भविष्य की विद्युत आवश्यकताओं के अनुरूप विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
संभावित विद्युत मांग के अनुरूप तैयार करें उन्नयन की योजना
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक श्री तिवारी ने पाटन सबस्टेशन की वर्तमान लोड प्रोफाइल का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य अभियंता टेस्टिंग श्री एम.वाय.मंसूरी को निर्देश दिए कि पाटन क्षेत्र में भविष्य में संभावित विद्युत मांग में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सबस्टेशन के उन्नयन की विस्तृत योजना तैयार की जाए। उन्होंने सबस्टेशन के यार्ड का निरीक्षण कर उपलब्ध स्थान का आकलन किया तथा सबस्टेशन के समीप उपलब्ध भूमि का उपयोग करते हुए विस्तार की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर संबंधित विभाग को प्रस्तुत करने के लिए भी कहा।
अतिरिक्त 132 केवी विद्युत स्रोत विकसित करने पर जोर
प्रबंध संचालक ने कहा कि पाटन कृषि प्रधान एवं संवेदनशील क्षेत्र है, जहां रबी सीजन के दौरान कृषि कार्यों के कारण विद्युत मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसे दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को 220 केवी पनागर सबस्टेशन से अतिरिक्त 132 केवी सर्किट उपलब्ध कराने की संभावना का परीक्षण कर आवश्यक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस व्यवस्था से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की उपलब्धता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने और बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति करने में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक श्री तिवारी ने सबस्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स ऑपरेटरों एवं सुरक्षा कर्मियों से भी संवाद किया और उनकी कार्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
आउटर रिंग रोड परियोजना से प्रभावित ट्रांसमिशन टावरों की शिफ्टिंग का लिया जायजा
प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने जबलपुर आउटर रिंग रोड निर्माण परियोजना के अंतर्गत ग्राम नुनसर के समीप स्थानांतरित किए गए ट्रांसमिशन टावरों के कार्यों का भी निरीक्षण किया। जबलपुर आउटर रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत 132 केवी पनागर-पाटन तथा 132 केवी जबलपुर-पाटन-तेजगढ़ ट्रांसमिशन कॉरिडोर के तीन-तीन टावर एमपी ट्रांसको के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक स्थानांतरित किए गए हैं। टावर शिफ्टिंग का कार्य निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण कर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को उपलब्ध करा दिया गया है।
तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप सत्यापन के निर्देश
प्रबंध संचालक ने मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस श्री डी.के.अग्रवाल को निर्देश दिए कि टावर शिफ्टिंग के कार्यों का निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात प्रारंभ होने के बाद ट्रांसमिशन लाइनों की ऊंचाई एवं सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस श्री डी.के.अग्रवाल, मुख्य अभियंता टेस्टिंग श्री एम.वाय.मंसूरी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता टेस्टिंग श्री आर.सी.शर्मा, अधीक्षण अभियंता श्री आर.एस.पांडेय, कार्यपालन अभियंता श्री ए.पी.एस.चौहान सहित श्री नरेंद्र पटेल, श्री अमित दाहिया एवं श्री जितेंद्र तिवारी उपस्थित रहे।
