मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन कर प्रतिमाह हजारों उपभोक्ताओं को जोड़ रही है। इस योजना के तहत अब तक 80500 घरों में रूफ टॉप सोलर संयंत्र की स्थापना हो चुकी हैं। प्रति उपभोक्ता अधिकतम 78 हजार रूपए के मान से अब तक 543 करोड़ रूपए की सब्सिडी मालवा निमाड़ के 15 जिलों में सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को डीबीटी से प्रदान की जा चुकी हैं। कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उपरोक्त योजना का क्रियान्वयन गंभीरता से किया जा रहा है। प्रतिदिन मुख्यालय, दोनों रीजन एवं सभी 15 जिलों के अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाती है। श्री सिंह ने बताया कि उपरोक्ता योजना में इंदौर जिले में सबसे ज्यादा करीब 39 हजार उपभोक्ताओं ने संयंत्र स्थापित किए हैं। इसके बाद उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, देवास में रूफ टॉप संयंत्र स्थापित किए गए हैं। श्री सिंह ने बताया कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना एवं अन्य योजना, समय में सभी श्रेणी के बिजली उपभोक्ताओं के यहां कुल 97500 स्थानों पर सोलर संयंत्र स्थापित हो चुके हैं। सभी प्रकार के उपभोक्ताओं को मिलाकर रूफ टॉप सोलर नेट मीटर स्थापित क्षमता 550 मैगावाट के करीब हो चुकी हैं।