मंत्रालय में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम लिमिटेड के संचालक मंडल की पांचवीं बैठक हुई। बैठक में निगम की बड़ी परियोजनाओं को समय से पहले पूरा करने और निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर रहा।
जन-मन सभागार
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज से आमने-सामने संवाद के लिए मुख्यमंत्री निवास में बन रहे ‘जन-मन सभागार’ का काम जनवरी 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निगम जिन बड़ी भवन परियोजनाओं को बना रहा है, वे तय समय-सीमा से पहले पूरी करने का प्रयास हो।
मेडिकल कॉलेज और कमाई का रास्ता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निगम जितने भी नए मेडिकल कॉलेजों की इमारतें और अधोसंरचना बनाए, वे केंद्र सरकार के वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) मानकों के आधार पर तैयार हों। निगम की आय बढ़ाने के लिए नए और वैकल्पिक राजस्व स्रोत विकसित करने और जल्द ‘रेवेन्यू जनरेटिंग बॉडी’ बनाने को कहा गया, जिस पर संचालक मंडल ने सैद्धांतिक सहमति दे दी।
बैठक में यह प्रस्ताव भी मंजूर हुआ कि 25 करोड़ रुपये तक की प्राक्कलित अनुबंध राशि वाली निविदाओं की स्वीकृति या निरस्तीकरण का अधिकार निगम के प्रबंध संचालक और इसके लिए बनी अधिकार समिति को होगा। इससे छोटी-मझोली परियोजनाओं में फैसले तेजी से हो सकेंगे।
