जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने एवं हितग्राहियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया गया। साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शासन की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक प्रदान किए।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने हितग्राहियों से संवाद कर उनके द्वारा संचालित एवं प्रस्तावित स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसायों का विस्तार करने, आय के स्थायी स्रोत विकसित करने तथा आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत सात्वना महिला आजीविका समूह को विभिन्न आजीविका गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार हेतु 6 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। इससे समूह की महिलाओं को स्वरोजगार गतिविधियों को सुदृढ़ करने एवं आय में वृद्धि करने में सहायता मिलेगी।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्री महेंद्र ढाकिया को सब्जी विक्रय व्यवसाय तथा श्री अजय बारिया को मोबाइल रिपेयरिंग व्यवसाय के लिए 15-15 हजार रुपये के वितरण पत्रक प्रदान किए गए। योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को अपनी व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत श्री तेजस गुप्ता को मसाला उद्योग की स्थापना एवं संचालन के लिए 22 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया गया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत अफसाना खान को जनरल स्टोर व्यवसाय के लिए 9 लाख 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
स्वरोजगार दिवस के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाकर उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने एवं मौजूदा व्यावसायिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन योजनाओं से स्थानीय स्तर पर उद्यमशीलता को बढ़ावा मिलने के साथ ही हितग्राहियों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने एवं रोजगार के अवसरों के विस्तार में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुश्री पिंकी डिंडोर, एनआरएलएम से श्रीमती कृष्णा रावत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
