कटनी (29 अक्टूबर) - युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को जिला चिकित्सालय कटनी में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। जिला नोडल अधिकारी डॉ. चांदनी रिमझा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा जन-जागरूकता के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में डॉ. रवि सोनी, डॉ. विजय भानसिंह, डॉ. निर्मला पांडे, डॉ. निष्ठा पटेल, डॉ. संदीप नामदेव, सिस्टर ललिता एक्का और डॉ. शिवरात्रि साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।