जिला चिकित्सालय मुरैना द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर सुरक्षित प्रसव और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है। सुरक्षित प्रसव हमेशा प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में अस्पताल में ही कराना चाहिए, जिससे प्रसव के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित जटिलताओं से बचाव किया जा सके और जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहें। उन्होंने बताया कि संस्थागत प्रसव से गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। विशेष परिस्थितियों में विशेषज्ञों की देखरेख एवं आपातकालीन उपचार की सुविधा भी अस्पताल में उपलब्ध रहती है। इससे प्रसव के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। सिविल सर्जन ने नवजात शिशुओं एवं बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित टीकाकरण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि निर्धारित टीकाकरण कार्यक्रम के अनुसार बच्चों को समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाने चाहिए। इससे बच्चों को पोलियो, टीबी, खसरा, डिप्थीरिया, काली खांसी सहित अन्य गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों का टीकाकरण कार्ड सुरक्षित रखें तथा निर्धारित तिथि पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला चिकित्सालय पहुंचकर टीकाकरण अवश्य कराएं। जिला चिकित्सालय द्वारा नागरिकों से सुरक्षित मातृत्व, संस्थागत प्रसव एवं शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण को प्राथमिकता देने की अपील की गई है, ताकि स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे के साथ स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।