विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को महाराजा छत्रसाल स्टेडियम पन्ना में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों के लिए खेल सुविधाओं के विकास कार्य और किलकिला नदी से धरमसागर तालाब तक के पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए विस अध्यक्ष श्री तोमर ने विधिवत पूजन अर्चन कर व फीता काटकर कार्यों का लोकार्पण किया।
नगर पालिका परिषद पन्ना द्वारा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तृतीय चरण अंतर्गत छत्रसाल स्टेडियम निर्माण व अन्य विकास कार्य करवाया गया है। इसकी लागत 3 करोड़ 18 लाख रूपए है, जबकि जल संसाधन विभाग द्वारा 4 करोड़ 98 लाख रूपए से अधिक राशि से निर्मित किलकिला फीडर के नवीन कार्य की सौगात भी मिली।
इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय द्वारा की गई।विस अध्यक्ष ने अतिथियों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की शुरूआत में नवनिर्मित इन्डोर हॉल और स्टेडियम परिसर का जायजा लिया।
खिलाड़ियों से भेंट कर खेल प्रतिभाओं को महत्वपूर्ण टिप्स दिए और सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं की सौगात पर बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेल बजट में बढ़ोत्तरी के फलस्वरूप संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास सहित खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
सरकार की नीति और नियत के फलस्वरूप खेल संस्थाएं भी वित्तीय रूप से सक्षम हुई हैं। उन्होंने कहा कि पहले बुंदेलखंड विकास की राह में पीछे था। अब खेल एवं शिक्षा सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय स्पर्धाओं में परचम लहराने वाली जिले की प्रतिभाओं की सराहना कर उन्होंने कहा कि अब पन्ना सहित संपूर्ण बुंदेलखंड विकास के क्षेत्र में अग्रसर है।
यहां के चंदेलकालीन तालाब भी ऐतिहासिक महत्व के हैं। जल स्तर बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास शुरू किया गया है, जिससे खेती व सिंचाई का रकबा बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अब मध्यप्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा है। 28 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
उन्होंने स्थानीय विधायक को विकास पुरूष की संज्ञा देते हुए कहा कि अब पवित्र धाम पन्ना में रूकने और आवागमन के बेहतर साधन उपलब्ध हैं। महाराजा छत्रसाल ने धर्म, संस्कृति और देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति दी। यहां श्री जुगल किशोर महालोक के बनने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
किलकिला फीडर और इन्डोर हॉल सहित अन्य विकास कार्यों से पन्ना के विकास में नया आयाम जुडे़गा।प्रभारी मंत्री श्री परमार ने इस अवसर पर कहा कि विकास की गति के साथ देश व प्रदेश सहित पन्ना भी आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरू बनाने का लक्ष्य है। इसमें नवीन राष्ट्रीय शिक्षा नीति का अहम योगदान रहेगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ज्ञान आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। मध्यप्रदेश ने उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा में सर्वप्रथम नवीन शिक्षा नीति को लागू किया। निजी स्कूलों की भांति अब शासकीय सांदीपनि विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के साथ सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान भी विकसित किए गए हैं। अब इन विद्यालयों के माध्यम से गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थियों के सपने भी पूरे होंगे।
उन्होंने छत्रसाल शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय पन्ना में ऑडिटोरियम निर्माण की बात कही। इसके अलावा भविष्य में महाविद्यालयों में भी स्मार्ट क्लास और बेहतर प्रयोगशाला स्थापित करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। कृषि प्रधान देश भारत ज्ञान व कौशल के बल पर आगे बढ़ेगा। इससे प्रतिभा पलायन भी रूकेगा।
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लक्ष्य को सदैव सर्वोपरि रखें। उन्होंने पन्ना विधायक के विकासपरक कार्यों की सराहना भी की।इस मौके पर स्थानीय विधायक ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। अपने रूचि के खेल में अवश्य सहभागिता करना चाहिए। इससे शारीरिक और मानसिक लाभ भी मिलता है।
पन्ना जैसे छोटे जिले से कई खेल प्रतिभाओं ने देश-विदेश में पन्ना का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि पन्ना में मंदिरों के विकास कार्य के साथ तालाब का जीर्णोद्धार कार्य भी संचालित है। तलैया फील्ड में भी इन्डोर स्टेडियम निर्माणाधीन है। यहां खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण मिलने से खिलाड़ियों की सफलता की राह प्रशस्त होगी।
किलकिला नहर को अतिक्रमण मुक्त करने व परिवारों के विस्थापन के संबंध में अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि श्री जुगल किशोर महालोक के अलावा डायमण्ड म्यूजियम एवं पार्क भी पन्ना में बनाया जाएगा। कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष मीना पाण्डेय एवं नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता सहित जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण, कलेक्टर ऊषा परमार, जिला खेल अधिकारी सुमित तोमर, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
