रविवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती का गौरवमयी आयोजन हुआ। इस वर्ष भी इसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। जिला मुख्यालय पर पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम के शुभांरभ उपरांत विधायक ने बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएं दीं और अधिकार एवं अवसर के माध्यम से जनजातीय वर्ग के आत्मनिर्भरता व सशक्तिकरण का उल्लेख किया।पन्ना विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के व्यक्तियों के सामुदायिक उत्थान के लिए कई योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा के क्षेत्र में विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के जरिए इन वर्गों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा अपने महान कार्यों की बदौलत जनजातीय गौरव के प्रतीक बने। उन्होंने जनजागरण के साथ जनजातीय चेतना को एक सूत्र में पिरोकर अंग्रेजों के विरूद्ध क्रांति का नेतृत्व किया। लोगों को परंपरा व अधिकार की रक्षा के प्रति प्रेरित कर संस्कृति को बचाए रखने का आह्वान भी किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बिरसा मुंडा जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने के ऐतिहासिक निर्णय के फलस्वरूप प्रतिवर्ष 15 नवम्बर को जन्म जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए युवा पीढ़ी को जनजातीय वीरों की महती भूमिका के बारे में अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों और अंग्रेजी राज के विरूद्ध जनजातीय समाज ने आरंभिक विरोध से लेकर स्वतंत्रता तक निरंतर संघर्ष किया है। बिरसा मुंडा ने 25 वर्ष की अल्पायु में अपने कार्यों से जनजातीय समाज में भगवान का दर्जा हासिल किया और अलग पहचान बनाई। बिरसा मुंडा जर्मन मिशनरी स्कूल की पढ़ाई छोड़कर अपने गांव वापस लौटे और जनजातीय समाज में जल, जंगल एवं जमीन को लेकर अलख जगाई। अंग्र्रेजों से मुक्ति के लिए आंदोलन के साथ समाज के बीच लगातार अधिकारों के प्रति आवाज बुलंद की। उन्होंने अंग्रेजों के कष्ट सहकर भी लोगों को बेहतर कार्यों के लिए प्रेरित किया। स्वयं भी विपरीत परिस्थितियों में कड़ा संघर्ष किया।विधायक ने कहा कि आज केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासकीय योजनाओं व सेवाओं का लाभ लेने के लिए आगे आना चाहिए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित छात्र विकास सिंह, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले दीपराज कोंदर एवं 84 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्र छोटू आदिवासी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शासकीय कन्या छात्रावास गुनौर एवं शासकीय उत्कृष्ट कन्या विद्यालय शाहनगर की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन छात्राओं का सम्मान भी हुआ। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा सहित जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, जिला संयोजक जयप्रताप भदौरिया, जिला शिक्षा अधिकारी अजय गुप्ता, कैलाश गुप्ता, संजय अहिरवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। संजय सिंह परिहार द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया।छत्रसाल पार्क से निकाली गई सांस्कृतिक रैलीजननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सुबह पन्ना नगर के छत्रसाल पार्क से सांस्कृतिक रैली भी निकाली गई। कलेक्टर हर्ष सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्कूल एवं छात्रावास के विद्यार्थियों ने इस रैली में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। शहर के मुख्य मार्गों में भ्रमण पश्चात रैली का समापन हुआ।
जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई गई बिरसा मुंडा जयंती टाउन हॉल में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम पन्ना विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

जनता जंक्शन डेस्क · 15 नवंबर 2026 · 5 मिनट