प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित और पक्के आवास का सपना साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से अनेक परिवारों को कच्चे और जर्जर आवास से मुक्ति मिल रही है तथा वे अपने स्वयं के पक्के घर में सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

ग्राम पंचायत बरहा निवासी श्रीमती गीता बैगा, पति श्री विजय बैगा का परिवार भी प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हुआ है। गीता बैगा ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे खपरैल वाले मकान में निवास करता था। कच्चे घर में रहने के कारण परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के दिनों में आवास को लेकर चिंता बनी रहती थी।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गीता बैगा के परिवार को पक्के आवास की सुविधा प्राप्त हुई। योजना के माध्यम से पक्के आवास का निर्माण पूर्ण होने के बाद अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं बेहतर आवास में निवास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि पक्का आवास मिलने से परिवार को काफी सुविधा मिली है और अब वे पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित एवं सुकून के साथ अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

गीता बैगा ने कहा कि पक्का आवास उनके परिवार के लिए केवल एक मकान नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।