राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौम्या आनंद के निर्देशन में आयोजित ग्राम सभाओं में “रिफॉर्म उत्सव” एवं जन योजना अभियान 2026-27 के तहत नागरिक-केंद्रित विकास और जनभागीदारी पर जोर दिया गया।
ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने, जल संरक्षण एवं जल जीवन मिशन, स्वच्छता, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, महिला स्व-सहायता समूह एवं लखपति दीदी, खाद्य एवं राजस्व सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं एवं विकास की प्राथमिकताओं के संबंध में सुझाव लेकर योजनाओं में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए पारदर्शिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया गया।
जिला पंचायत का संदेश— “ग्राम सभा में सहभागिता, ग्राम विकास में भागीदारी।”