आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य, लोकशांति एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सीधी जिले की राजस्व सीमा में कार्बाइड गन के अवैध निर्माण, भंडारण, विक्रय, वितरण और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 (1) के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार कार्बाइड गन के निर्माण एवं संचालन में विस्फोटक या अन्य खतरनाक पदार्थों का अवैध उपयोग भी प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी व्यक्ति या संस्था इन गतिविधियों को प्रोत्साहित नहीं करेगी और न ही इनके संचालन में सहयोग करेगी।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि कार्बाइड गन में विस्फोटक प्रकृति की प्रतिक्रिया से तेज धमाका उत्पन्न किया जाता है। इसके अनुचित निर्माण एवं उपयोग से लोगों को चोट पहुंचने, संपत्ति को नुकसान होने तथा लोकशांति एवं पर्यावरण प्रभावित होने की आशंका रहती है। पुलिस अधीक्षक सीधी एवं संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारियों से चर्चा के बाद जनसुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।

कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश 23 अक्टूबर 2026 से 22 दिसंबर 2026 तक प्रभावशील रहेगा।