भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस जिलेभर में उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य समारोह डिंडौरी स्थित उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, अधिकारी.कर्मचारी एवं आमजन शामिल हुए। पूरे आयोजन में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और भगवान बिरसा मुंडा के गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात वे उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक श्री धुर्वे के नेतृत्व में उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से अवंतीबाई चौक तक विशाल रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए जनजातीय गौरव, संस्कृतिए परंपरा और भगवान बिरसा मुंडा के विचारों का संदेश दिया। रैली अवंतीबाई चौक से होते हुए पुनः उत्कृष्ट विद्यालय मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत; विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता के साथ संघर्ष किया तथा जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अंग्रेजों द्वारा जंगलों और खनिज संपदा पर कब्जा कर उनका दोहन किए जाने का उन्होंने पुरजोर विरोध किया। उनका संघर्षए साहस और बलिदान आज भी हम सभी को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। हमें उनके विचारों और बताए मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को देशभर में नई पहचान मिली है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय समाज को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है और विकास की गति तेज हो रही है। डिंडौरी जिले में शिक्षा, खेल एवं पर्यटन के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति हो रही है। सीएम राइज स्कूल, एकलव्य विद्यालय एवं कन्या परिसर जैसी संस्थाओं से शिक्षा के अवसर बढ़े हैं तथा जिले की प्राकृतिक संपदा पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रही है।
अन्याय और गलत के विरुद्ध सभी समाज को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए; रुद्रेश परस्ते
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर हम सभी को उनके जीवन और संघर्ष से कई महत्वपूर्ण सीख लेनी चाहिए। उन्होंने जिस साहस और वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया, वह अपने आप में अद्भुत उदाहरण है। जनजातीय समाज के साथ.साथ सभी समाजों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अन्याय और गलत के विरुद्ध एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गौरव और उपलब्धि की बात है कि आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न समाजों के लोग एक साथ एकत्रित होकर इस आयोजन में शामिल हुए हैं। सामाजिक एकता और आपसी सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भगवान बिरसा मुंडा के विचार हमें एकजुट होकर समाज और देश के हित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
जिलेभर में उत्साह के साथ मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश सिंह परस्ते, जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी प्रभारी श्री सुनील तिवारी, अनुसूचित जनजाति प्रदेशाध्यक्ष श्री पंकज सिंह तेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जनपद सदस्य श्रीमती आशा धुर्वे, पूर्व विधायक श्री दुलीचंद उरैती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे सहित जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों, अधिकारी.कर्मचारियों और आमजन की व्यापक उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान, जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को याद किया गया। आयोजन ने सामाजिक समरसता, एकता और जनजातीय गौरव के संदेश को जन.जन तक पहुंचाया।