मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही है। योजना के माध्यम से बैंक ऋण प्राप्त कर जबलपुर निवासी श्री नवल साहू ने अपना व्यवसाय स्थापित किया और आज परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं।
श्री नवल साहू स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहते थे, लेकिन शुरुआती पूंजी की उपलब्धता उनके सामने बड़ी चुनौती थी। इसी दौरान उन्हें मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत उन्हें वित्तीय वर्ष 2023-24 में बैंक के माध्यम से 7 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत हुआ।
ऋण राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने जबलपुर में ' नमामि ट्रेडर्स ' के नाम से बिल्डिंग मटेरियल का व्यवसाय शुरू किया। अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों से उन्होंने धीरे-धीरे व्यवसाय को स्थापित किया। वर्तमान में उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और इससे उन्हें लगभग 30 हजार रुपए प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है।
श्री साहू का कहना है कि मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक उद्यम योजना उनके लिए स्वरोजगार स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी। बैंक ऋण की सहायता से स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का उनका सपना साकार हुआ। इसके लिए उन्होंने मध्यप्रदेश शासन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर के प्रति आभार व्यक्त किया।