कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने आज जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत में वे बरगी हिल्स स्थित आईटी पार्क के पास निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की जानकारी ली तथा कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय सीमा में पूरा करने के आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मदन महल में निर्माणाधीन रानी दुर्गावती संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी से परियोजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि संग्रहालय का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण अभियान के अंतिम चरण में कलेक्टर ने न्यू भेड़ाघाट का दौरा किया, जहाँ पर्यटन विभाग द्वारा बनाए जा रहे ग्लास कैंटीलीवर ब्रिज की निर्माण प्रक्रिया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
