चरगवां एवं नयानगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 132 केवी उपकेंद्र चंदेरी (बरगी) से 33/11 केवी उपकेंद्र नयानगर तक नवनिर्मित 33 केवी विद्युत लाइन को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है। इससे नयानगर एवं आसपास के क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब अधिक सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
नई लाइन शुरू होने से नयानगर उपकेंद्र को सीधे पृथक 33 केवी लाइन से बिजली मिलेगी। इससे अब तक इस उपकेंद्र को बिजली आपूर्ति करने वाले चरगवां उपकेंद्र का भार कम होगा और चरगवां क्षेत्र में भी विद्युत व्यवस्था और वोल्टेज स्तर में सुधार होगा।
इस नई व्यवस्था का लाभ घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और अन्य बिजली उपभोक्ताओं को भी मिलेगा।
नवनिर्मित लाइन के ऊर्जीकृत होने पर क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह कार्य क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।