कटनी (17 नवंबर) - मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में जैविक खेती एवं पशुधन प्रबंधन पर तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे ने विद्यार्थियों को जैविक खेती की अवधारणा, उसके सिद्धांतों और व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जैविक खेती में रासायनिक उर्वरकों, कीटनाशकों और आनुवंशिक रूप से संशोधित बीजों के उपयोग से बचते हुए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों जैसे कृषि अपशिष्ट, गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद एवं प्राकृतिक कीटनाशक तैयार किए जाते हैं। इस पद्धति का उद्देश्य प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर खेती करना और पर्यावरण का संरक्षण करना है। विद्यार्थियों को पारिस्थितिक संतुलन, मिट्टी का स्वास्थ्य, जैव विविधता, चक्रीय प्रणाली, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया गया। विशेषज्ञ ने जैविक खेती के चार प्रमुख सिद्धांतों स्वास्थ्य, पर्यावरणीय संतुलन, समता तथा परिचर्या के सिद्धांत की विस्तार से व्याख्या करते हुए इनके व्यावहारिक महत्व की जानकारी दी। पशुधन प्रबंधन के संबंध में बताया गया कि जैविक खेती में पशुओं को केवल दूध उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि संपूर्ण कृषि प्रणाली का अभिन्न अंग माना जाता है। पशु और फसलें एक-दूसरे के पूरक होते हैं, जिससे खेती की लागत कम करने और कृषि को आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ बनाने में मदद मिलती है। पशुओं के प्राकृतिक जीवन, प्राकृतिक आहार तथा उन्हें स्वस्थ एवं रोगमुक्त रखने के तरीकों का तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया। विद्यार्थियों को जैविक खेती में पशुधन के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि गोबर एवं गोमूत्र जैविक खाद के प्रमुख स्रोत हैं। वहीं पशुओं का उपयोग खेत की जुताई, कृषि कार्यों और परिवहन में भी किया जा सकता है। पशुधन आधारित खेती से उत्पादन लागत में कमी, किसानों की आय में वृद्धि, पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में सहायता मिलती है।
विद्यार्थियों को दिया गया जैविक खेती एवं पशुधन प्रबंधन का तकनीकी प्रशिक्षण

जनता जंक्शन डेस्क · 17 नवंबर 2026 · 3 मिनट