प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत जिले के छोटे उद्यमियों को खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने, उनका विस्तार करने एवं आधुनिक बनाने के लिए सहायता प्रदान की जा रही है। योजना का उद्देश्य स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्य बढ़ाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
परियोजना लागत पर मिलेगा 35 प्रतिशत तक अनुदान
योजना के तहत फल-सब्जी, मसाले, अनाज, मिलेट्स, दुग्ध उत्पाद, अचार, पापड़, नमकीन एवं बेकरी जैसे खाद्य प्रसंस्करण व्यवसायों से जुड़े पात्र उद्यमियों को परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तक अनुदान मिल सकता है। यह सहायता निर्धारित अधिकतम सीमा एवं योजना के नियमों के अनुसार बैंक ऋण से जुड़ी होती है।
किसान, युवा एवं महिला उद्यमी भी ले सकते हैं लाभ
किसान, युवा, महिला उद्यमी, स्वयं सहायता समूह एवं छोटे व्यवसायी योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित विभागीय कार्यालय अथवा नजदीकी बैंक शाखा से प्राप्त कर सकते हैं। योजना से स्थानीय कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा तथा जिले में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।