सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, भाषण, पोस्टर प्रदर्शनी एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्र प्रदर्शनी का विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने किया अवलोकन

प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया उत्साहवर्धन

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांवरपाठा में आयोजित चित्र प्रदर्शनी का सोमवार को अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों की सराहना की तथा प्रतियोगिता में सहभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। चित्र प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर प्रस्तुत की। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में विकसित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत की परिकल्पना को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया गया।

इस अवसर पर विधायक श्री पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को साकार करने में युवा और विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों और विचारों में ही विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव दिखाई देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अन्य संबंधितजन उपस्थित रहे।

विधायक श्री नागेश और पूर्व राज्यमंत्री श्री पटेल की मौजूदगी में हुआ सांदीपनि विद्यालय में चित्रकला, भाषण और प्रदर्शनी का आयोजन

अभियान के तहत विधायक गोटेगांव श्री महेन्द्र नागेश और पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल की मौजूदगी में सांदीपनि विद्यालय गोटेगांव में चित्रकला, भाषण और प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि खेल और युवा ही देश की असली ताकत हैं। बच्चों को खेल के साथ-साथ संस्कार और शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नशा मुक्त भारत के आह्वान को पूरा करने के लिए दारू, खैनी, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट जैसी चीजों से दूर रहना होगा। मोबाइल के अधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर चिंता जताई और बच्चों को मोबाइल का सीमित और सही उपयोग पढ़ाई के लिए करने की सलाह दी। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री हाकम सिंह चढ़ार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद थे।

जिले के विभिन्न स्कूलों में मेरे सपनों का भारत प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरित

अभियान के तहत जिले के सांदीपनि विद्यालय नरसिंहपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ राष्ट्रीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ।

कार्यक्रम में श्री अमितेंद्र नारोलिया, श्री मनमोहन सलूजा, प्राचार्य श्री प्रभात मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रियंका मेहरा, द्वितीय कृतिका सिलावट एवं तृतीय सिद्धि नेमा ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम रिचा गोस्वामी, द्वितीय रिहान अली एवं तृतीय स्तुति तिवारी रहे। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इसी प्रकार एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नयाखेड़ा- गरगटा में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों एवं पोस्टरों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में श्री सुमित पटेल, श्री सुरेंद्र सिंह पटेल, प्राचार्य श्रीमती विनीता पांडे, शिक्षक श्री विनोद मेहरा सहित अन्य विद्यालय का स्टाफ और नागरिक मौजूद थे। चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

अभियान के तहत शासकीय हाई स्कूल लिलवानी, शासकीय किसानी पूर्व माध्यमिक शाला गाडरवारा, एकीकृत माध्यमिक विद्यालय चौराखेड़ा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सालीचौका, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बचई सहित विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान आने और सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और नागरिक मौजूद थे।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, विचारों एवं कल्पनाशीलता को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।