कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने बुधवार को नगरपालिका नरसिंहपुर अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने वाटर बॉडी, कायाकल्प योजना एवं मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली।
कलेक्टर ने ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर सड़क के समीप एकत्रित हो रहे अपशिष्ट को गंभीरता से लिया। उन्होंने नगर पालिका सीएमओ श्री गजेंद्र सिंह लोधी को तत्काल अपशिष्ट हटाने तथा स्वच्छता एवं व्यवस्थित कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे किसी भी स्थिति में कचरा एवं अपशिष्ट एकत्रित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सांकल रोड, इतवारा बाजार, चिल्ड्रेन पार्क एवं नरसिंह मंदिर क्षेत्र में पहुंचकर विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इतवारा बाजार के समीप निर्माणाधीन पानी की टंकी के कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित ठेकेदार को कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की भी ताकीद की।
नरसिंह तालाब के आसपास किए जा रहे निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने पाथवे के आसपास छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने पाथवे क्षेत्र में नागरिकों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था तथा आवश्यक प्रसाधन सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही विकसित किए जा रहे सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों की सुविधा, स्वच्छता एवं बेहतर पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा जाए।
