दतिया जिले अंतर्गत अनुभाग भांडेर के ग्राम हंसापुर की रहने वाली श्रीमती प्रेमवती आदिवासी अपने पति और बच्चों के साथ लंबे समय से कच्चे मकान में जिंदगी बसर कर रही थीं। बरसात के मौसम में कच्चे घर की टपकती छत और दीवारों की बदहाली पूरे परिवार के लिए भारी आफत बन जाती थी।
आर्थिक तंगी के चलते पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल एक सपना था, लेकिन शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके जीवन में उम्मीद की नई किरण बनकर आई। इस योजना के तहत स्वीकृति मिलते ही प्रेमवती का पक्का आवास बनकर तैयार हुआ। इस नए और मजबूत घर ने परिवार को न केवल मौसम की मार और असुरक्षा से मुक्ति दिलाई, बल्कि उनके जीवन में खुशहाली, स्थायित्व और सम्मान का भाव भी भर दिया।
अपनी खुशी जाहिर करते हुए प्रेमवती कहती हैं कि पहले कच्चे मकान में बारिश के दिनों में बहुत परेशानियां झेलनी पड़ती थीं, पर अब पक्का मकान मिलने से उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है और वे सम्मान के साथ जीवन जी रही हैं। अनुभाग भांडेर में योजना का क्रियान्वयन तेजी से किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुमन चक के अनुसार क्षेत्र में निरंतर निगरानी और समीक्षा के जरिए पिछले दो माह में 80 से अधिक प्रधानमंत्री आवास और 18 पीएम जनमन आवासों का निर्माण पूरा कराया गया है। योजना का मूल ध्येय हर बेघर परिवार को शौचालय, रसोईघर और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आवास देकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
प्रेमवती आदिवासी की यह कहानी इस बात का जीवंत प्रमाण है कि शासन की जनकल्याणकारी नीतियां किस तरह ग्रामीण परिवारों के सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन की नींव मजबूत कर रही हैं। सुश्री निहारिका मीना सहायक संचालक जनसम्पर्क दतिया