धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत मुरैना जिले के पहाड़गढ़ विकासखंड के चयनित 18 ग्रामों के अनुसूचित जनजाति वर्ग के मत्स्य कृषकों को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से लाभान्वित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र हितग्राही 30 अक्टूबर 2026 तक कार्यालय सहायक संचालक, मत्स्योद्योग, जिला मुरैना में निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सहायक संचालक, मत्स्योद्योग श्री राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत बायोफ्लॉक पॉण्ड, स्वयं की भूमि पर तालाब निर्माण, पुनर्चक्रणीय जलीय कृषि प्रणाली (आर.ए.एस.), फीड मिल एवं हैचरी की स्थापना, आइस प्लांट, आइस बॉक्स सहित मोटरसाइकिल तथा इंसुलेटेड वाहन जैसी विभिन्न गतिविधियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के माध्यम से पात्र मत्स्य कृषक मत्स्य पालन से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ कर सकते हैं।
आवेदन के साथ हितग्राहियों को स्वयं की भूमि से संबंधित खसरा, खतौनी एवं नक्शा, जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। अनुसूचित जनजाति वर्ग के पात्र मत्स्य कृषक निर्धारित समय-सीमा में आवेदन प्रस्तुत कर योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
योजना की विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में सहायक संचालक, मत्स्योद्योग श्री राजेश कुमार शर्मा से नवीन कलेक्ट्रेट, मुरैना में संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मोबाइल नंबर 9584694170 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।